भेल न्यूज़ 24 | भोपाल भेल कर्मचारियों की ज्वलंत मांगों को लेकर 11 जून को ‘विशाल द्वार सभा’
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स कामगार ट्रेड यूनियन (भेक्टू-सीटू) ने भेल भोपाल इकाई के कर्मचारियों की लंबित और ज्वलंत मांगों को लेकर 11 जून 2026 (गुरुवार) को शाम 4 बजे क्रांति स्थल, भेल गेट क्रमांक-5 पर ‘विशाल द्वार सभा’ आयोजित करने का ऐलान किया है। यूनियन ने सभी कर्मचारियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर सभा को सफल बनाने का आह्वान किया है।
यूनियन द्वारा जारी पोस्टर के अनुसार कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में इंसेंटिव स्कीम का पुनरीक्षण कर राशि 10,000 रुपये तक करना, स्कीम की शर्तों को सरल व पारदर्शी बनाना, सभी कर्मचारियों को न्यायसंगत अनुपात में प्रोत्साहन राशि देना, लैपटॉप प्रतिपूर्ति तत्काल लागू करना और 60,000 रुपये प्लांट परफॉर्मेंस बोनस का भुगतान शामिल है। इसके अलावा नए भर्ती कर्मचारियों को A-3 ग्रेड का बेसिक डीए, कोविड काल में दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को 25,000 से 50,000 रुपये की सहायता, अनुकंपा नियुक्ति, तथा ठेका व संविदा श्रमिकों का न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये किए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है।
यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की कड़ी मेहनत से भेल भोपाल इकाई ने 581 करोड़ रुपये का मुनाफा अर्जित किया, जबकि कॉरपोरेट स्तर पर यह आंकड़ा 2138 करोड़ रुपये तक पहुंचा। इसके बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर प्रबंधन द्वारा ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है। भेक्टू-सीटू के महामंत्री रंजीत सिंह ने कहा कि सीटू यूनियन कर्मचारियों के हक की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा, “सीटू यूनियन भेल भोपाल की एकमात्र ऐसी यूनियन है, जो बारिश, आंधी या तूफान—हर परिस्थिति में कर्मचारियों की मांगों के लिए गेट पर झंडा लेकर सीना तानकर खड़ी रहती है। सीटू के सिपाही कड़ी धूप में भी धरना देने से पीछे नहीं हटते।”
उन्होंने आगे कहा कि जब तक कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और ‘विशाल द्वार सभा’ इसी संघर्ष की अगली कड़ी है।
यूनियन ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे 11 जून को आयोजित इस सभा में शामिल होकर अपनी एकजुटता का परिचय दें और अपनी आवाज बुलंद करें।