भेल भोपाल के ईडी श्री उपाध्याय ने फीता काटकर किया बिरसा मुंडा सभागार का उद्घाटन
151वीं जयंती पर सीटू कार्यालय पर सैकड़ों कर्मचारीयों एवं यूनियन पदाधिकारियों ने दिया श्रद्धांजलि
*भोपाल, 15 नवंबर 2026।*
भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बी.एच.ई. कामगार ट्रेड यूनियन (भेक्टू-सीटू), भेल भोपाल द्वारा यूनियन कार्यालय, ए-सेक्टर पिपलानी में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवनिर्मित ‘वीर बिरसा मुंडा सभागार’ का उद्घाटन बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कार्यपालक निदेशक श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय का स्वागत यूनियन के महामंत्री रंजीत सिंह ने गुलदस्ता भेंट कर किया। वहीं विशिष्ट अतिथि श्री हेमराम पटेल, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), बीएचईएल भोपाल का स्वागत यूनियन के कार्यकारी महामंत्री दीपक गुप्ता ने गुलदस्ता भेंट कर किया।
सभागार उद्घाटन के पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, यूनियन पदाधिकारियों एवं उपस्थित कर्मचारियों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय ने उपस्थित सभी कर्मचारियों एवं लोगों को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीएचईएल कर्मचारी, यूनियन पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, आदिवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक चेतना और देश के स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के अंत में भेक्टू-सीटू यूनियन के अध्यक्ष श्री लोकेंद्र सिंह शेखावत ने सभी अतिथियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन यूनियन के उपाध्यक्ष श्री विनय सिंह ने किया।
भेक्टू-सीटू यूनियन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष और सामाजिक स्वाभिमान की विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ बीएचईएल भोपाल के कर्मचारियों के बीच एकता एवं सामाजिक चेतना का संदेश देने वाला रहा।

















