SIP बोनस को लेकर भेल भोपाल में कर्मचारियों का आक्रोश, बीएमएस, एचएमएस व सीटू यूनियन ने किया पुतला दहन
₹60 हजार SIP बोनस की मांग को लेकर बीएमएस, एचएमएस और सीटू एकजुट; जीएम (एचआर) को सौंपा ज्ञापन, फाउंड्री गेट पर प्रबंधन का फूंका पुतला
भोपाल, 28 अक्टूबर 2026।
भेल भोपाल में कर्मचारियों की मांगों और एसआईपी (SIP) बोनस को लेकर बुधवार को जेसीएम यूनियनों के संयुक्त मंच के नेतृत्व में कारखाने के अंदर एवं बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में भेल की तीनों यूनियनों—हेवु बीएमएस, हेस्टू एचएमएस और भेक्टू सीटू—के पदाधिकारियों एवं सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा 27 अक्टूबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित जेसीएम बैठक में बोनस की राशि पर प्रबंधन के साथ उत्पन्न गतिरोध रहा। यूनियनों के अनुसार, बैठक में केंद्रीय नेतृत्व ने कर्मचारियों के योगदान और भेल के बेहतर वित्तीय प्रदर्शन को देखते हुए ₹60,000 एसआईपी बोनस की मांग रखी थी, लेकिन प्रबंधन ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया। प्रबंधन की ओर से ₹35,000 तक की राशि घोषित किए जाने और बैठक समाप्त कर दिए जाने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
यूनियन नेताओं का कहना है कि कर्मचारियों ने अपने परिश्रम और योगदान से भेल को बेहतर प्रदर्शन की स्थिति में पहुंचाया है। ऐसे में कर्मचारियों को उनके योगदान के अनुरूप सम्मानजनक एसआईपी बोनस मिलना चाहिए। ₹60,000 की मांग पूरी नहीं होने और प्रबंधन द्वारा बैठक समाप्त किए जाने से केंद्रीय नेतृत्व के साथ-साथ कर्मचारियों में भी असंतोष व्याप्त है।
जीएम (एचआर) को सौंपा ज्ञापन, प्रबंधन को दी चेतावनी
इसी नाराजगी के विरोध में बुधवार को तीनों यूनियनों के संयुक्त नेतृत्व में कर्मचारियों ने कारखाने के अंदर प्रदर्शन करते हुए जीएम (एचआर) को ज्ञापन सौंपा। यूनियन प्रतिनिधियों ने प्रबंधन को स्पष्ट रूप से चेताया कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार लंबित रखना और महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेना औद्योगिक संबंधों के लिए उचित नहीं है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि प्रबंधन कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करता है, तो भविष्य में उत्पन्न होने वाली किसी भी औद्योगिक परिस्थिति की जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
फाउंड्री गेट पर भी हुआ प्रदर्शन
कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और प्रबंधन के रवैये के विरोध में फाउंड्री गेट पर भी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान तीनों संयुक्त जेसीएम यूनियनों भेल प्रबंधन का पुतला दहन किया तथा यूनियन प्रतिनिधियों ने बारी-बारी से अपने विचार रखे और प्रबंधन से कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए लोकेन्द्र सिंह शेखावत (सीटू), मनोज दीक्षित (एचएमएस) और कमलेश नागपुरे (बीएमएस) ने कर्मचारियों की एकजुटता पर जोर दिया तथा प्रबंधन को चेतावनी दी कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यूनियन नेताओं ने कहा कि एसआईपी बोनस के अतिरिक्त भी कर्मचारियों के अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय यदि प्रबंधन निर्णय लेने में देरी करता है, तो इससे कर्मचारियों में असंतोष और बढ़ेगा।
कर्मचारियों के हितों पर एकजुट हुईं तीनों यूनियनें
बुधवार के प्रदर्शन ने स्पष्ट कर दिया कि एसआईपी बोनस सहित कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर भेल भोपाल की तीनों जेसीएम यूनियनें एकजुट हैं। यूनियनों ने प्रबंधन से मांग की कि वह कर्मचारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए 60000/- के एसआईपी बोनस पर पुनर्विचार करे और लंबित मुद्दों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करे।
भेल न्यूज़ 24 | भोपाल














