भेल में वेज रिवीजन की मांग को लेकर सीटू यूनियन ने शुरू की पहल, डायरेक्टर HR को सौंपा ज्ञापन
वेज रिवीजन के साथ इंसेंटिव रिवीजन एवं लैपटॉप प्रतिपूर्ति का मुद्दा भी उठाया, कर्मचारियों की लंबित मांगों पर की विस्तृत चर्चा
भोपाल, 27 नवंबर 2026।
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) में आगामी वेज रिवीजन की मांग को लेकर BHEKTU-CITU यूनियन ने पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में यूनियन के अध्यक्ष एवं महामंत्री ने बीएचईएल के डायरेक्टर HR से मुलाकात कर कर्मचारियों के वेज रिवीजन सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और उनके शीघ्र निराकरण की मांग की। डायरेक्टर HR के साथ हुई मुलाकात में यूनियन प्रतिनिधियों ने आगामी वेज रिवीजन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर डायरेक्टर HR ने बताया कि DPE (Department of Public Enterprises) से आवश्यक अनुमति प्राप्त होने के बाद वेज रिवीजन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इंसेंटिव रिवीजन में देरी पर जताई चिंता वेज रिवीजन के साथ ही यूनियन ने इंसेंटिव रिवीजन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधियों ने कहा कि इंसेंटिव रिवीजन के लिए गठित कमेटी की पिछले उत्पादन वर्ष में केवल एक बैठक हुई तथा वर्तमान उत्पादन वर्ष में अब तक दूसरी बैठक ही आयोजित हो पाई है। इस धीमी प्रक्रिया से कर्मचारियों को उनके आर्थिक लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है। यूनियन ने मांग की कि कमेटी की बैठकें निर्धारित समय-सीमा में आयोजित कर इसी उत्पादन वर्ष के भीतर अंतिम निर्णय लिया जाए तथा वर्तमान इंसेंटिव योजना को संशोधित कर ₹10,000 प्रतिमाह की नई इंसेंटिव स्कीम लागू की जाए। साथ ही इसे आगामी वेज रिवीजन से पूर्व लागू करने की मांग की गई। 2024 से लंबित लैपटॉप प्रतिपूर्ति का मुद्दा उठाया यूनियन ने लैपटॉप प्रतिपूर्ति (Laptop Reimbursement) को लेकर भी डायरेक्टर HR को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले वेतन समझौते में प्रत्येक पांच वर्ष में कर्मचारियों को लैपटॉप प्रतिपूर्ति दिए जाने का लिखित प्रावधान किया गया था। इसके अनुसार वर्ष 2024 में कर्मचारियों को यह सुविधा मिलनी थी, लेकिन अभी तक इसका लाभ नहीं दिया गया है। यूनियन ने समझौते के अनुरूप पात्र कर्मचारियों को शीघ्र लैपटॉप प्रतिपूर्ति प्रदान करने की मांग की। कर्मचारी हितों के मुद्दों पर सार्थक चर्चा मुलाकात के दौरान कर्मचारियों से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। यूनियन प्रतिनिधियों ने प्रबंधन से आग्रह किया कि वेज रिवीजन की प्रक्रिया प्रारंभ करने के साथ-साथ इंसेंटिव रिवीजन एवं लैपटॉप प्रतिपूर्ति जैसी लंबित मांगों पर भी समयबद्ध निर्णय लिया जाए।
BHEKTU-CITU यूनियन ने कहा कि बीएचईएल की प्रगति में कर्मचारियों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। कर्मचारियों की मेहनत और कंपनी की उपलब्धियों के अनुरूप उनके आर्थिक हितों का संरक्षण एवं लंबित समझौतों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।












