भेल के नए सीएमडी होंगे यतींद्र मोहन? पीईएसबी ने नाम की सिफारिश की
वर्तमान सीएमडी का कार्यकाल फरवरी 2027 में होगा समाप्त, नए नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया शुरू
नई दिल्ली/भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के नए अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के चयन को लेकर महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित चयन बैठक में भेल के सीएमडी पद के लिए श्री यतींद्र मोहन के नाम की सिफारिश की है।
पीईएसबी की बैठक के कार्यवृत्त के अनुसार, इस पद के लिए कुल आठ अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। इनमें भेल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी भी शामिल थे। साक्षात्कार के बाद बोर्ड ने भेल के कार्यकारी निदेशक श्री यतींद्र मोहन के नाम की अनुशंसा अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक पद के लिए की।
फरवरी 2027 में समाप्त हो रहा वर्तमान सीएमडी का कार्यकाल
भेल के वर्तमान अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का कार्यकाल फरवरी 2027 में समाप्त हो रहा है। ऐसे में नए सीएमडी के चयन की प्रक्रिया लगभग चार महीने पहले शुरू होना कंपनी के नेतृत्व में संभावित बदलाव की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पीईएसबी की सिफारिश के बाद अब नियुक्ति की आगे की औपचारिक प्रक्रिया और केंद्र सरकार की मंजूरी पर निगाहें रहेंगी।
भेल के लिए क्यों महत्वपूर्ण है नया नेतृत्व?
भेल देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण कंपनियों में शामिल है। कंपनी के पास बड़ा कार्यादेश, ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका और देशभर में फैली विनिर्माण इकाइयां हैं। ऐसे में नए सीएमडी के सामने कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कार्यादेशों को समय पर पूरा करने, बाजार में प्रतिस्पर्धा मजबूत करने और कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी।
पीईएसबी की सिफारिश के बाद भेल के कर्मचारियों और अधिकारियों की निगाहें अब नए सीएमडी की औपचारिक नियुक्ति पर टिकी हैं।
— भेल न्यूज 24










