भेल के नए निदेशक (मानव संसाधन) बने एम. श्रीधर
भेक्टू-सीटू के महामंत्री रंजीत सिंह ने दी बधाई, कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान की जताई उम्मीद
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) में श्री एम. श्रीधर ने निदेशक (मानव संसाधन) का पदभार ग्रहण कर लिया है। 57 वर्षीय श्री श्रीधर इससे पहले भेल के कॉर्पोरेट कार्यालय, नई दिल्ली में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत थे। उन्हें मानव संसाधन प्रबंधन, औद्योगिक संबंधों और विनिर्माण क्षेत्र में 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
श्री श्रीधर वर्ष 1990 में भेल में इंजीनियर ट्रेनी के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में भेल की हैदराबाद इकाई और कॉर्पोरेट कार्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने विनिर्माण, वाणिज्यिक परिचालन, परियोजना क्रियान्वयन, औद्योगिक संबंध, मानव संसाधन प्रबंधन और कॉर्पोरेट नीतियों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं।
उन्होंने हैदराबाद स्थित उस्मानिया विश्वविद्यालय के सीबीआईटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक, जेएनटीयू हैदराबाद से सीएडी/कैम में एमटेक तथा जमशेदपुर स्थित एक्सएलआरआई से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है।
कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान की उम्मीद
भेल कामगार ट्रेड यूनियन (भेक्टू)-सीटू के महामंत्री रंजीत सिंह ने श्री एम. श्रीधर को निदेशक (मानव संसाधन) का पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
रंजीत सिंह ने उम्मीद जताई कि श्री श्रीधर अपने लंबे अनुभव और श्रमिकों से जुड़े विषयों की समझ का उपयोग करते हुए भेल कर्मचारियों की लंबित मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, बेहतर औद्योगिक संबंध और कर्मचारियों के हितों की रक्षा किसी भी सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठान की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए निदेशक (मानव संसाधन) के नेतृत्व में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सार्थक चर्चा होगी तथा प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच संवाद को और मजबूत किया जाएगा।
रंजीत सिंह ने कहा कि भेल की प्रगति में कर्मचारियों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए कंपनी की उपलब्धियों और विकास का लाभ कर्मचारियों तक भी पहुंचना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि नए निदेशक के कार्यकाल में कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाएगा।
— भेल न्यूज 24










