सीरियल कटर बदमाश गिरफ्तार, राह चलती युवतियों पर हमले की वारदातों का खुलासा
भोपाल। थाना अयोध्यानगर एवं पिपलानी क्षेत्र में राह चलती युवतियों पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात सीरियल कटर बदमाश को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 29 जनवरी 2026 की रात लगभग 9.30 बजे से 11.30 बजे के बीच सोनागिरी (बी सेक्टर व ए सेक्टर), इंद्रपुरी थाना पिपलानी तथा भवानी धाम फेस-1 थाना अयोध्यानगर क्षेत्र में कुल चार युवतियों को निशाना बनाया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है, जिसने भोपाल के अलावा सागर जिले में वर्ष 2014 में भी कटर से चार से अधिक घटनाएं करना स्वीकार किया है। वारदातों के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए घर में छिप गया था, लेकिन दोबारा घटना की नीयत से बाहर निकलते ही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देशन में जोन स्तर पर एवं क्राइम ब्रांच की लगभग 40 टीमों का गठन किया गया। करीब 150 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत करते हुए 900 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 600 पुराने बदमाशों की तस्दीक की तथा लगभग 100 संदिग्धों को राउंड अप कर पूछताछ की गई। आरोपी की पहचान के लिए फोटो व हुलिया सार्वजनिक कर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने चार महीने पहले करोंद सब्जी मंडी से पैशन एक्सप्रो मोटरसाइकिल चोरी की थी, जिसका उपयोग कर उसने इन वारदातों को अंजाम दिया। आखिरकार पुलिस टीम ने सागर लैंडमार्क, छोला मंदिर क्षेत्र के पास जंगल इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र (परिवर्तित नाम) पुत्र हरज्ञान अहिरवार, उम्र 37 वर्ष, निवासी घसेरा मोहल्ला राहतगढ़ जिला सागर, हाल निवासी पूजा कॉलोनी करोंद, थाना निशातपुरा भोपाल के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कटर, पैशन एक्सप्रो मोटरसाइकिल, कपड़े एवं जूते जब्त किए गए हैं।
आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है। पुलिस आरोपी द्वारा स्वीकार की गई अन्य घटनाओं की भी तस्दीक कर रही है।
इस पूरे अभियान में थाना अयोध्यानगर, पिपलानी, गोविंदपुरा, अवधपुरी सहित क्राइम ब्रांच और तकनीकी सेल की टीमों की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और समन्वय से एक खतरनाक सीरियल अपराधी को गिरफ्तार कर नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को राहत मिली है।