February 6, 2026 6:56 am

भेक्टू-सीटू यूनियन ने की बैठक, 12 फरवरी को भूख हड़ताल का ऐलान, ठेका श्रमिक भी होंगे शामिल

भेक्टू-सीटू यूनियन ने की बैठक, 12 फरवरी को भूख हड़ताल का ऐलान, ठेका श्रमिक भी होंगे शामिल
भोपाल | BHEL News 24
भेल कर्मचारियों, सोसायटी कर्मियों एवं ठेका श्रमिकों की ज्वलंत मांगों को लेकर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स कामगार ट्रेड यूनियन (भेक्टू-सीटू) ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर 12 फरवरी को भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया है। यह भूख हड़ताल देशभर में विभिन्न क्षेत्रों के श्रमिकों द्वारा की जा रही राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में आयोजित की जाएगी।
भेल, सेल, गेल, तेल, रेल, कोल, बैंक, बीमा सहित अन्य क्षेत्रों के लाखों श्रमिक 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। इसी क्रम में देशभर के श्रमिकों की एकजुटता को मजबूत करने एवं भेल भोपाल के स्थायी, सोसायटी एवं ठेका श्रमिकों की ज्वलंत मांगों को लेकर भेक्टू-सीटू यूनियन ने भी आंदोलन में शामिल होने का फैसला लिया है।
यूनियन नेताओं का कहना है कि भेल कारखाने में औद्योगिक संबंध निचले स्तर पर पहुंच चुके हैं। कर्मचारियों की समस्याओं को न तो गंभीरता से सुना जा रहा है और न ही उनके समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल की जा रही है, जिसके चलते कर्मचारियों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
भेक्टू-सीटू यूनियन के अध्यक्ष लोकेंद्र शेखावत ने भेल न्यूज़ 24 से बातचीत में बताया कि भेल कर्मचारियों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से इस भूख हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही भेल के ठेका श्रमिकों की एक बड़ी बैठक आयोजित कर उन्हें भी इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया जाएगा।
लोकेंद्र शेखावत ने बताया कि शनिवार तक यूनियन द्वारा हड़ताल का पोस्टर जारी कर आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
यूनियन की ओर से आरोप लगाया गया कि भेल प्रबंधन कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों की ज्वलंत मांगों को लगातार दरकिनार कर तानाशाही रवैया अपना रहा है। यूनियन नेताओं का कहना है कि जब जायज मांगों को बार-बार अनसुना किया जा रहा है, तब यूनियन के पास लोकतांत्रिक भूख हड़ताल के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
भेक्टू-सीटू यूनियन ने भेल के हजारों स्थायी कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों से 12 फरवरी को होने वाली भूख हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें