भेल भोपाल में भेक्टू-सीटू की जंगी द्वार सभा, सैकड़ों कर्मचारियों ने उठाईं ज्वलंत मांगें
भोपाल | 20 जनवरी 2026 |
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल में कर्मचारियों की लंबित एवं ज्वलंत मांगों को लेकर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स कामगार ट्रेड यूनियन भेक्टू-सीटू द्वारा मंगलवार को द्वार क्रमांक-5 स्थित क्रांति स्थल पर विशाल जंगी द्वार सभा का आयोजन किया गया। सभा में सैकड़ों की संख्या में भेल कर्मचारियों ने भाग लेकर प्रबंधन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
द्वार सभा को यूनियन नेताओं लोकेंद्र शेखावत, दीपक गुप्ता, सादिक खान, विनय सिंह एवं कुलदीप मौर्य ने संबोधित किया। अपने संबोधन में नेताओं ने कहा कि भेल भोपाल प्रबंधन कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी कर रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। वक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक कर्मचारियों की ज्वलंत मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक यूनियन का आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
यूनियन के अध्यक्ष लोकेंद्र शेखावत ने केंद्र सरकार द्वारा 40 श्रम कानूनों को समाप्त कर 4 नई श्रम संहिताएं लागू किए जाने का कड़ा विरोध किया। इन्होंने कहा कि नई श्रम संहिताएं पूरी तरह से श्रमिक विरोधी हैं। इनके लागू होने से ट्रेड यूनियन का गठन करना कठिन हो जाएगा और ‘हायर एंड फायर’ जैसी नीतियों को बढ़ावा मिलेगा।
श्रमिक नेता दीपक गुप्ता ने कहा कि प्रबंधन का उदासीन रवैया और कर्मचारी प्रतिनिधियों की मांगों को नजरअंदाज करना भविष्य में प्रबंधन को महंगा पड़ेगा। भेल कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान अब टाला नहीं जा सकता। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
₹10,000 की प्रोत्साहन स्कीम को शीघ्र लागू किया जाए।
31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहे वेतन समझौते को ध्यान में रखते हुए वेज रिवीजन हेतु तत्काल कमेटी का गठन किया जाए
संडे वर्किंग पर हैदराबाद इकाई के पैटर्न पर नगद भुगतान किया जाए
लैपटॉप प्रतिपूर्ति (Reimbursement) की व्यवस्था शुरू की जाए
ई.एल. नगदीकरण पूर्व की भांति बहाल किया जाए
अनुकंपा नियुक्ति को अनिवार्य किया जाए
भेल कर्मचारियों के लिए स्पोर्ट्स क्लब में झांसी इकाई के पैटर्न पर स्विमिंग पूल का निर्माण किया जाए
ठेका श्रमिकों को कोल इंडिया व एनटीपीसी के तर्ज पर केंद्र सरकार का न्यूनतम वेतन प्रदान किया जाए
सभा के अंत में यूनियन के कोषाध्यक्ष शाहिद अली ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर जंगी द्वार सभा को सफल बनाने के लिए सभी भेल कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।